देवल संवादाता,वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वाया रोड बरेका पहुंचेंगे। यहां वह शाम को छह बजे से सात बजे तक भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद रोपवे का ट्रायल देख सकते हैं।
आठ नवंबर को वह सुबह 8 बजे बरेका से बनारस स्टेशन के लिए निकलेंगे। 8:15 बजे वंदेभारत को हरी झंडी दिखाएंगे। वह यहां करीब 8:50 तक रुकेंगे और यहां से वाया रोड बरेका हेलीपेड पहुंचेंगे। यहां हेलीकॉप्टर से बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट से करीब सवा नौ बजे बिहार के दरभंगा के लिए रवाना हो जाएंगे।
पीएम मोदी 4 वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री चार वंदे भारत को हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बंगलूरू रूटों पर चलेंगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट समेत देश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगी।
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत ट्रेन 7.45 घंटे में यात्रा पूरी करेगी। यह ट्रेन लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, सहारनपुर के यात्रियों को काफी लाभ पहुंचाएगी। फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत इस मार्ग पर सबसे तेज गति से चलने वाली ट्रेन होगी, जो 6.40 घंटे में यात्रा पूरी करेगी।
एक्सप्रेस ट्रेन राष्ट्रीय राजधानी और पंजाब के बठिंडा और पटियाला के बीच संपर्क को मजबूत करेगी। दक्षिण भारत में एर्नाकुलम-बंगलूरू वंदे भारत यात्रा के समय को दो घंटे से अधिक कम कर देगी, जिससे यात्रा 8.40 मिनट में पूरी हो जाएगी।
