देवल संवाददाता, रवि प्रताप ,मधुबन। स्थानीय थाना क्षेत्र के मधुबन-घोसी मार्ग स्थित तरुण इंटर कॉलेज कुंडा कुचाई के समीप रविवार की सुबह अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। इसमें एक की मौके पर मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि दोनों बाइक से नोएडा से लार देवरिया के सूतावर गांव दीपावली का पर्व मनाते के लिए आ रहे थे। दुर्घटना का कारण झपकी आने से बताया जा रहा है। दुर्घटना में मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया।थाना क्षेत्र के कुंडा कुचाई स्थित तरुण इंटर कॉलेज के पास नोएडा से शुभ नारायण तिवारी (25) व दीनानाथ तिवारी (19) अपने घर देवरिया जिले के लार के सूतावर गांव जा रहे थे। बाइक चालक की झपकी आते ही बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। इस दौरान बाइक समेत दोनों भाई सड़क पर गिरकर अचेत हो गए। लोगों की मदद से दोनों को 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी फतहपुर मंडाव लाया गया। चिकित्सकों ने शुभ नारायण तिवारी को मृत घोषित कर दिया। जबकि दीनानाथ की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि शुभ नारायण तिवारी नोएडा में इंजीनियर के पद पर थे। इनकी दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी प्रीति तिवारी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल को भेज दिया