देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। हिण्डाल्को का ग्रामीण विकास विभाग क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, सामाजिक सुधार व अवसंरचना विकास पर निरंतर कार्य कर रहा है। सीएसआर की गतिविधियां दुद्धी, म्योरपुर और बभनी तीनों ब्लाकों तक विस्तारित हैं, जिसके अंतर्गत 180 गांव और रेणुकूट के 10 मलिन बस्तियों को कवर करता है। इन पहलों के माध्यम से कंपनी समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है। पानी जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना सतत विकास की कल्पना अधूरी है। इसी सोच को केंद्र में रखकर हिण्डाल्को सीएसआर रेणुकूट ने प्रोजेक्ट जल संचय की शुरुआत की। इस परियोजना का उद्देश्य सिर्फ जल संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि भूमि और जल संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन, कृषि उत्पादकता में वृद्धि और ग्रामीण आजीविका को सशक्त करना भी है। इस पहल के तहत वर्षा जल बहाव और मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए व्यापक कार्य किए गए। वित्तीय वर्ष-2024 तक कुल 45 चेकडैम और 17 बावलियों के निर्माण कराए गए। इन संरचनाओं ने क्षेत्र में 5,62,314 घन मीटर अतिरिक्त जल भंडारण क्षमता का निर्माण किया है, जिससे स्थानीय भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जहां खेती बारिश पर निर्भर थी, वहीं अब 426 एकड़ भूमि को 27 लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम के माध्यम से सिंचाई के दायरे में लाया गया है। इससे किसानों को सालभर खेती करने का अवसर मिला। परिणामस्वरूप गर्मियों के मौसम में भी कुओं और हैंडपंपों में पर्याप्त पानी उपलब्ध रहने लगा है। जल संरक्षण की इस पहल का सबसे बड़ा लाभकिसानों को मिला है। पहले जहां खेती बारिश पर निर्भर थी और गर्मियों में सिंचाई के साधन सीमित थे, वहीं अब 115 एकड़ से अधिक भूमि सिंचाई के दायरे में आ गई है। इससे फसल की उत्पादकता बढ़ी है और किसानों को अपनी आय बढ़ाने का अवसर मिला है। साथ ही, ग्रामीणों को कृषि के साथ ही अन्य सहायक व्यवसायों में भी विविधीकरण करने का अवसर मिला है, जिससे उनकी आजीविका और अधिक सुरक्षित व टिकाऊ बन पाई है। प्रोजेक्ट जल संचय का एक और अहम पहलू यह है कि इसमें स्थानीय संस्थाओं को भी जोड़ा गया है। गांवों में समितियों और समूहों का गठन कर उन्हें परियोजना का स्वामित्व सौंपा गया है। इससे न केवल लोगों में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता आई है, बल्कि सामुदायिक भागीदारी और जिम्मेदारी भी बढ़ी है।
हिण्डाल्को सीएसआर रेणुकूट के प्रोजेक्ट जल संचय से किसानों को मिल रहा लाभ
सितंबर 03, 2025
0
Tags