देवल संवाददाता, आजमगढ़। नवरात्रि एवं आगामी दशहरा पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष छापेमार अभियान चलाया। इस दौरान कुल 18 नमूने इकठ्ठा कर जांच के लिए प्रयोशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने लालगंज, फूलपुर, महराजगंज, नगर पालिका आजमगढ़ क्षेत्र, निजामाबाद और बलरामपुर क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान लालगंज से 2 साबूदाना, 2 सिंघाड़ा आटा, 1 पनीर व 1 किशमिश, फूलपुर से 1 इमली चूरन व 1 अरहर की दाल, महराजगंज से 2 किशमिश, नगर पालिका क्षेत्र से 1 सेंधा नमक, 1 तिन्नी का चावल, 1 साबूदाना, 1 किशमिश व 1 छुहारा तथा निजामाबाद से 1 किशमिश व 1 दूध का नमूना जांच हेतु लिया गया। बलरामपुर स्थित एक रेस्टोरेंट से शिकायत पर 1 पनीर का नमूना भी संग्रहित किया गया। इस तरह कुल 18 नमूने प्रयोगशाला भेजे गये। विभाग अब तक विशेष अभियान में 28 नमूने एकत्र कर चुका है।
दूसरी टीम ने बूढ़नपुर और सरायमीर में स्ट्रीट फूड वेंडर्स को प्रशिक्षण दिया। इसमें खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 व विनियम 2011 के तहत साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकेजिंग, लेबलिंग और व्यक्तिगत स्वच्छता पर जानकारी दी गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि अभियान त्योहारों तक जारी रहेगा। छापेमार दल ने जनजागरूकता अभियान भी चलाया और लोगों से अपील की कि व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के बाद ही उपभोग करें। खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी गई कि पुराने या कालातीत फलाहार स्टॉक मिलने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों में रजनीश कुमार, गोविन्द यादव, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमर नाथ, बेबी सोनम, राजीव कुमार सिंह, सुचित प्रसाद व संजय कुमार तिवारी शामिल रहे।