देवल संवाददाता, आजमगढ़ । जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के नंदी भौजी के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिटायर्ड दरोगा के बेटे अशोक कुमार यादव (35 वर्ष) की मौत हो गई। अशोक की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी अशोक कुमार यादव, पुत्र स्वर्गीय त्रिभुवन नाथ यादव, मंगलवार सुबह किसी कार्य से बाइक द्वारा लालगंज गए थे। दोपहर करीब 12 बजे घर लौटते समय नंदी भौजी के पास एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टीकरगढ़, लालगंज पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान बुधवार रात उनकी मृत्यु हो गई। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद अशोक का शव उनके घर पहुंचा, जहां परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
अशोक अपने दो भाइयों में छोटे थे और उनके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। उनके पिता त्रिभुवन नाथ यादव पुलिस विभाग में दरोगा के पद पर कार्यरत थे और लगभग छह वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के एक साल बाद बीमारी के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी।