देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। घोरावल के वेणीविलास अतिथि गृह में श्रीरघुनाथ मन्दिर देवगढ़ तीर्थक्षेत्र न्यास के तत्वावधान में गोस्वामी तुलसीदास की 528वीं जयंती मनायी गई। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में संत श्याम प्रसाद दास, अभय दास, किशन दास के नेतृत्व में संकीर्तन का आयोजन किया गया। तदुपरांत संरक्षक श्रीवृद्धेश्वरनाथ पीठाधीश्वर महन्त डा. योगानन्द गिरि महाराज, सभाध्यक्ष पण्डित अजय शेखर, मुख्य अतिथि पण्डित सुधाकर शर्मा व विशिष्ट अतिथि रामनाथ शिवेन्द्र ने गोस्वामी तुलसीदास के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित करके द्वितीय सत्र में काव्य-निशा का शुभारम्भ किया। इस दौरान कवि ईश्वर विरागी की वाणी-वन्दना से काव्य-निशा का श्रीगणेश हुआ। डा. अनुज प्रताप सिंह (मिर्जापुर), दिनेश गुक्कज (प्रतापगढ़), अमरनाथ तिवारी मणि (देवरिया), डा लालजी सिंह बिसेन, एड. अशोक तिवारी, कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान, कवयित्री दिव्या राय, एड. प्रद्युम्न कुमार त्रिपाठी, प्रभात सिंह चंदेल, रामनाथ शिवेन्द्र, कविराज पण्डित रमाशंकर पांडेय ने अपनी हिन्दी और भोजपुरी की कविताओं का सस्वर काव्य-पाठ किया। अभ्यागत अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीकचिंह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन साहित्यकार इतिहासकार डा. जितेन्द्र कुमार सिंह व काव्यात्मक संचालन कवि दिलीप सिंह ने किया। इस मौके पर राजर्षि बाबू रामप्रसाद सिंह, स्वामी अरविन्द, राजेश सिंह राष्ट्रवादी, बाबू महेन्द्र बहादुर सिंह, संदर्भ पांडेय, अजीत सिंह परमार, धर्मेन्द्र कुमार सिंह, ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।