देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पवित्र श्रावण मास के तृतीय सोमवार को नगर सहित आस-पास के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर मंगल कामना किया। गुप्त काशी शिवद्वार धाम में सैकड़ों कांवरियों ने उमामहेश्वर का जलाभिषेक किया। इस दौरान हर हर महादेव के जयघोष से समूचा वातावरण भक्तिमय रहा। भोर से ही शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। कतारबद्ध होकर बारी-बारी से श्रद्धालुओं ने देवों के देव महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सभी शिवालयों के बाहर पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रही। नगर के शोभनाथ मंदिर समेत चुर्क पहाड़ी पर विराजमान बाबा पंचमुखी मंदिर में सैकड़ों भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के श्री चरणों में मत्था टेका। इसी तरह चोपन के कैलाश मंदिर, काली मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव, परांबा शक्ति पीठ, सोनेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं को रेला लगा रहा। वहीं, गोठानी गांव स्थित सोननदी के तट पर विराजमान अतिप्राचीन बाबा शोभनाथ मंदिर पर भी श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन किया। गौरव नगर स्थित गौरीशंकर महादेव मंदिर में सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक गांजे-बाजे के साथ सोननदी से जल भरकर शोभायात्रा के रूप में मंदिर पहुंचीं और भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। बतादें कि श्रावण मास में सोमवार का विशेष महत्व होता है और इस दिन भगवान शिव का जलाभिषेक कर मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की जाती है। इसी तरह गुप्त काशी शिवद्वार धाम में सोनभद्र के विजयगढ़ दुर्ग स्थित राम सरोवर व मिर्जापुर से गंगा नदी का जल लेकर पहुंचे सैकड़ों कांवरियों ने उमा महेश्वर का जलाभिषेक किया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात रहे। सादे वर्दी में भी महिला व पुरूष पुलिस कर्मियों ने मंदिर परिसर सहित क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।