देवल संवाददाता, मऊ। मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 01 ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक पहुँचाने के मिशन की कड़ी में जनपद स्तरीय ओ.टी.डी. सेल की त्रैमासिक बैठक जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सन 2027 तक वन ट्रिलियन डॉलर बनाना है। 1 ट्रिलियन डॉलर बनाना अर्थात रुपए 86 लाख करोड़ तक पहुंचना है। उन्होंने बताया कि भारत के राज्यों में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की जीडीपी में प्रथम स्थान महाराष्ट्र का है,द्वितीय स्थान तमिलनाडु का है एवं तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश की जीडीपी 25.63 लाख करोड रुपए है। वर्तमान में विश्व की अर्थव्यवस्था में भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में यथेष्ट प्रगति हेतु जी.डी.पी. के आंकलन के लिए जनपद स्तर पर सम्बन्धित आंकड़ों की गुणवत्ता के पर्यवेक्षण की अत्यन्त आवश्यकता है। जनपद स्तर पर जी.डी.पी. में सम्मिलित विभिन्न मदों में योजनाओं की प्रगति के आंकड़ों के अनुश्रवण के उद्देश्य से ही ओ.टी.डी. सेल का गठन किया गया है। इसमें अर्थव्यवस्था के सभी सेक्टर (प्राथमिक,द्वितीयक व तृतीयक) से सम्बन्धित अधिकारियों को सम्मिलित किया गया है। उ०प्र० की अर्थव्यवस्था में मऊ जनपद का क्या योगदान है,इसके विषय में सकल घरेलू उत्पाद अनुमान / प्रति व्यक्ति आय के आंकडों की प्रगति के संबंध में अर्थ एवं संख्याधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद मऊ का जिला घरेलू उत्पाद वर्ष 2020-21 में रु० 10643 करोड़, 2021-22 में रू० 12438 करोड़ 2022-23 में रू० 13654 करोड तथा 2023-24 में रू० 15065 करोड़ रहा. जो जनपद के उत्तरोत्तर विकास को इंगित करता है। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा समस्त अधिकारियों को जनपद की अर्थव्यवस्था में प्रगति लाने हेतु समस्त सेक्टरों के अन्तर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति एवं आंकड़ों की गुणवत्ता पर ध्यान देने हेतु निर्देश दिया गया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक क्षेत्र की उत्पादकता में वृद्धि हेतु जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद में हो रहे कार्यों का आंकड़ा ऑनलाइन दर्ज करने के भी निर्देश दिए जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की प्राप्ति में सहयोग मिल सके। जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए इसमें लगनता पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 01 ट्रिलियन बनाने में पूर्ण सहयोग करें एवं जो भी दिशा निर्देश मिलते हैं उसके अनुसार कार्य करें।बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत ना,परियोजना निदेशक रामबाबू त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद स्तरीय ओ.टी.डी. सेल की त्रैमासिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न
जुलाई 27, 2025
0
Tags