भारत के रूस से तेल खरीदने का कई पश्चिमी देश विरोध कर रहे हैं। वहीं, अब ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने पश्चिमी देशों को करारा जवाब दिया है। विक्रम ने दो टूक शब्दों में कहा कि हम अपनी अर्थव्यवस्था बंद नहीं कर सकते हैं।
ब्रिटिश रेडियो स्टेशन टाइम्स रेडियो से बातचीत के दौरान विक्रम दोराईस्वामी ने कहा कि यूरोप के कई देश खुद रूस से रेयर अर्थ मेटल समेत अनेक ऊर्जा उत्पाद खरीद रहे हैं और वो हमें रूस से व्यापार न करने की सलाह देते हैं। क्या यह थोड़ा अजीब नहीं लगता?
तेल का तीसरा सबसे बड़ा खरीददार है भारत
बता दें कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयात करने वाला देश है। हालांकि, भारत तेल की ज्यादातर आपूर्ति मध्य एशियाई देशों से करता है। मगर, हाल ही में भारत ने रूस से भी बड़े पैमाने पर तेल आयात करना शुरू कर दिया है। 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए गए। ऐसे में रूस काफी कम दाम में भारत को तेल बेचता है।
अर्थव्यवस्था बंद कर दें: विक्रम
विक्रम दोराईस्वामी ने रूस से तेल आयात पर बात करते हुए कहा, "दुनिया में तेल के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। हम भारत दुनिया में तेल का तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। हम अपने तेल की 80 प्रतिशत मांग दूसरे देशों से पूरा करते हैं ऐसे में हमें क्या करना चाहिए? क्या हम अपनी अर्थव्यवस्था बंद कर दें?"
पश्चिमी देशों को दिखाया आईना
विक्रम दोराईस्वामी ने पश्चिमी देशों से सवाल पूछते हुए कहा कि कई देश अपनी सहूलियत के लिए उन देशों से रिश्ते बनाते हैं, जो हमारे लिए मुश्किल खड़ी करते हैं। मगर, क्या हमने कभी आप पर सवाल खड़े किए? रूस यूक्रेन युद्ध पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पहले भी कह चुके हैं कि यह युद्ध का समय नहीं है। हम भी यही चाहते हैं कि यह युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो जाए।