देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। एक तरफ छठ महापर्व को लेकर नदी, तालाबों और नहरों के घाटों को चमकाने की तैयारी चल रही है, वहीं दूसरी तरफ रॉबर्ट्सगंज नगर के उत्तर दिशा में स्थित शाहगंज रजबहा में शहर की गंदगी खुलेआम बहाई जा रही है। घाटों पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है, लेकिन जिस पानी में श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे, उसकी शुद्धता की चिंता शायद जिम्मेदार विभागों की प्राथमिकता में शामिल नहीं है। सवाल यह है कि जब नगर का गंदा पानी ही नहर में उड़ेला जा रहा है तो घाटों की सफाई का दिखावा आखिर किसके लिए? हैरानी की बात यह है कि यह समस्या एक-दो दिन की नहीं, बल्कि वर्षों से बनी हुई है। नगर के जलनिकासी के लिए कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस द्वारा नाला निर्माण कराया जा रहा है। योजना के मुताबिक शहर का गंदा पानी हिंदुआरी की ओर निकाला जाना था, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। नतीजा यह है कि चंडी होटल के रास्ते बहने वाला नगर का गंदा पानी शाहगंज रजबहा में पहुंच रहा है। यानी नाला पूरा नहीं हुआ और गंदगी का रास्ता जरूर खुला रह गया। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने बताया कि नहर किनारे कई स्थानों पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग छठ पूजा करते हैं। पिछले कई वर्षों से लगातार गंदा पानी गिरने के कारण नहर का पानी प्रदूषित हो रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं को दूषित पानी में खड़े होकर पूजा-अर्चना करने की चिंता सता रही है। एक ओर आस्था के इस महापर्व को स्वच्छता से जोड़कर देखा जाता है, दूसरी ओर व्यवस्था ऐसी है कि श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने से पहले पानी की स्वच्छता पर सवाल उठाना पड़ रहा है।
गंदगी से बजबजा रही नहर में अर्घ्य देने को मजबूर होंगे श्रद्धालु, सो रहा जिम्मेदार महकमा
नवंबर 11, 2026
0
Tags
