कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट के छात्रों के लिए अपनी प्रतिभा, ज्ञान और तार्किक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर है। एनटीपीसी द्वारा आयोजित ‘Electron Quiz 2026-27’ में एनटीपीसी टांडा एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थी भी भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित क्विज प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकते हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत 5 सितंबर 2026 को लखनऊ में क्षेत्रीय दौर के साथ होगी, जबकि ग्रैंड फिनाले 8 अक्टूबर 2026को आयोजित किया जाएगा।
इस वर्ष क्विज का आयोजन देश के नौ शहरों—लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा में किया जाएगा। क्षेत्रीय दौर 5 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में दो छात्रों की टीम भाग लेगी और इस वर्ष का विषय ‘द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट’ रखा गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को अपने ज्ञान को परखने के साथ-साथ उनकी तार्किक सोच, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रश्नों के विश्लेषणात्मक उत्तर देने की क्षमता को विकसित करने का अवसर प्रदान करना है।
क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 60 हजार, 40 हजार और 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि चौथे से छठे स्थान तक की टीमों को 8-8 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। क्षेत्रीय दौर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रवेश करेंगी। प्रत्येक क्षेत्र से शीर्ष दो टीमें तीन राष्ट्रीय सेमीफाइनल में भाग लेंगी, जिसके बाद प्रत्येक सेमीफाइनल से दो टीमें राष्ट्रीय फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
राष्ट्रीय सेमीफाइनल 7 अक्टूबर तथा ग्रैंड फिनाले 8 अक्टूबर 2026 को एनटीपीसी के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI) में आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीम को 1 लाख रुपये, उपविजेता को 60 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 40 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 16-16 हजार रुपये तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल अन्य 12 टीमों को 8-8 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
एनटीपीसी का Electron Quiz वर्ष 2004 से आयोजित किया जा रहा है और दो दशकों से अधिक समय में यह कंपनी के प्रमुख छात्र-केंद्रित आयोजनों में शामिल हो गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सीखने की रुचि, बौद्धिक क्षमता और ज्ञान के प्रति जिज्ञासा को बढ़ावा देना है। एनटीपीसी भारत सरकार की महारत्न कंपनी तथा देश की प्रमुख एकीकृत ऊर्जा कंपनियों में से एक है।
