देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), सोनभद्र के आदेश तथा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, सोनभद्र के निर्देश के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा चुर्क क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान चुर्क स्थित सीमेंट फैक्ट्री में संचालित मे० अन्नपूर्णा कैंटीन का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा कैंटीन से तैयार दाल एवं होमोजिनाइज्ड स्टैंडर्डाइज्ड दूध के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान किचन में कार्यरत कार्मिकों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने सहित अन्य आवश्यक खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए तथा पाई गई कमियों के संबंध में सुधार सूचना जारी की गई। इसी क्रम में चुर्क बाजार स्थित मे० अशोक जनरल स्टोर के निरीक्षण के दौरान बिक्री हेतु भंडारित खुली हल्दी पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया। मौके पर उपलब्ध 7.6 किलोग्राम हल्दी पाउडर को सीज किया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को खुला मसाला पाउडर एवं खुला खाद्य तेल की बिक्री न करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त चुर्क बाजार स्थित माँ विन्ध्यवासिनी इंटरप्राइजेज से कार्बोनेटेड वाटर (स्प्राइट ब्रांड) एवं कार्बोनेटेड वाटर (लिम्का ब्रांड) के नमूने भी संग्रहित किए गए।
सभी संग्रहित नमूनों को जांच हेतु संबंधित प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य विश्लेषक की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।
