देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद की तहबरपुर थाना पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग के दौरान अंतर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 50 लाख रुपये कीमत की चोरी की फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। आरोपी दिल्ली से चोरी कर लग्जरी वाहनों को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर पहुंचाने का काम करता था। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के मुकदमे भी दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार तड़के तहबरपुर पुलिस मोहर्रम के मद्देनजर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सरदहा अंडरपास के पास एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 226.3 पर रेस्ट लेन में एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर खड़ी मिली। पुलिस के पहुंचते ही चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान तोइजम नटराज सिंह (37) निवासी इम्फाल ईस्ट, मणिपुर के रूप में बताई। जांच में पता चला कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, जबकि उसका वास्तविक नंबर DL10CA0100 था और वह दिल्ली से चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिल्ली निवासी अमित नामक व्यक्ति लग्जरी वाहनों की चोरी कर उसे उपलब्ध कराता था। वह चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर के उखरूल स्थित सिमरे नामक व्यक्ति तक पहुंचाता था, जहां उन्हें आगे बेच दिया जाता था। प्रत्येक वाहन की डिलीवरी के बदले उसे 30 हजार रुपये मिलते थे। उसने स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह दो चोरी की गाड़ियां दिल्ली से मणिपुर पहुंचा चुका है। इस बार भी वह 25 जून को दिल्ली से फॉर्च्यूनर लेकर मणिपुर जा रहा था, लेकिन रास्ते में नींद आने पर एक्सप्रेस-वे पर वाहन खड़ा कर सो गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर, वाहन के मूल दस्तावेज, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध तहबरपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रवीन्द्र प्रताप यादव, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल ताहिर अली, कांस्टेबल सत्यम सिंह तथा रिक्रूट कांस्टेबल आनंद राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का शातिर सदस्य दबोचा, 50 लाख की चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद
जून 26, 2026
0
Tags
