आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा और एनडीए के बेहतर प्रदर्शन से उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को जिला कार्यालय पर जोरदार जश्न मनाया। जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। पूरे परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पांडुचेरी और केरल के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की जनता का भरोसा भाजपा की विकासवादी नीतियों पर लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बंगाल में मिले ऐतिहासिक जनादेश और असम में लगातार तीसरी बार मिली सफलता को प्रधानमंत्री के नेतृत्व की स्वीकार्यता का प्रतीक बताया।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास को प्राथमिकता दी है। वहीं असम में सुशासन की नीतियों को जनता ने दोबारा समर्थन दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु और केरल में भाजपा का बढ़ता जनाधार तथा पांडुचेरी में एनडीए की बढ़त इस बात का संकेत है कि दक्षिण भारत में भी पार्टी की स्थिति लगातार मजबूत हो रही है।
जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, अजय सिंह और पंकज मिश्रा ने कहा कि यह जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी इसी तरह जनता के बीच काम करती रहेगी।
इस मौके पर परविंदर चौहान, नीरज मौर्य, अमित श्रीवास्तव, मेराज हैदर, दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर जीत का जश्न मनाया।
