आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के ग्राम खेतलपुर में एक दलित युवक को जबरन उठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेतलपुर निवासी लालचन्द्र सरोज पुत्र दशई ने थाना सिकरारा में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 3 फरवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उनका पुत्र कुलदीप सरोज गांव में हैप्पी यादव की गुमटी के सामने मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग उसे जबरन पकड़कर पास के सरपताही स्थान पर ले गए।
आरोप है कि वहां रजनीश यादव पुत्र तिलकधारी यादव और निरहु यादव पुत्र राजेन्द्र उर्फ मुखिया ने कुलदीप सरोज के साथ भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए लाठी-डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने जाते-जाते धमकी भी दी कि अगर थाने में शिकायत की तो जान से मार देंगे। इस हमले में कुलदीप सरोज को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए ले गए और फिर थाना सिकरारा पहुंचकर तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी सिकरारा उदय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद जांच कराई गई, जिसमें मारपीट की घटना सत्य पाई गई।
उन्होंने बताया कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 351 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)/5(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।