देवल संवाददाता,इन्दारा। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ग्राम अलीनार में रविवार की रात शरारती तत्वों ने डीह बाबा की मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर लोग उग्र हो गए। सैकड़ों ग्रामीण अक्रोशित होकर लखनऊ बलिया राज मार्ग को जाम कर दिए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सरायलखंसी पुलिस ने नई मूर्ति लगवाने का आश्वासन देकर आधे घंटे बाद जाम को हटवाया।
सरायलखंसी थाना अंतर्गत अलीनगर गांव स्थित पेड़ के नीचे डीह बाबा का मंदिर है। ग्रामीण यहां पूजा-अर्चन करते हैं। रविवार की रात शरारती तत्वों ने पत्थर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा के हिस्सों को वही इधर उधर फेंक दिया। सोमवार की सुबह को ग्रामीणों की नजर मंदिर के मूर्ति पर पड़ा तो देखा मूर्ति टूटकर बिखर गई है। गांव के लोगों ने यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैला दी। मूर्ति खंडित देख लोग उग्र हो गए। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण विरोध प्रदर्शन करते हुए आधे घंटे लखनऊ बलिया राजमार्ग को बास बल्ली से जाम कर दिया। और नारे बाजी करने लगे। इस दौरान सड़क मार्ग के दोनो तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।सड़क मार्ग जाम की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडेय सहित काफी संख्या में पुलिस बल पहुंच गई। सरायलखंसी थानाध्यक्ष पंकज पाण्डेय ने ग्रामीणों को नई मूर्ति लगावाने का अपराधी को पकड़े जाने के आश्वासन देकर शांत कराया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल प्रजापति ने बताया कि नई मूर्ति मंगलवार को अनुष्ठान के साथ स्थापित की जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। अराजकतत्वों की तलाश की जा रही है। प्रदर्शनकारियों में हरेराम तिवारी,संजय कुमार सिंह,सुख सागर,अरविंद सिंह,अनूप कुमार सिंह, अशुतोष सिंह आदि मौजूद रहे।