कुछ समय पहले मिस्त्र में गाजा शांति समझौते के लिए दुनियाभर के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा था। तभी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इटली की प्रधानमंत्री जियॉर्जिया मेलोनी की तारीफ करते हुए उन्हें "बेहद खूबसूरत" बताया था। ट्रंप ने यहां तक कहा कि उनके इस बयान से अमेरिका में सियासी तूफान आ सकता है। मगर, अब अमेरिका का तो पता नहीं, लेकिन इटली में इसे लेकर विवाद जरूर छिड़ गया है।
इटली के सबसे बड़े ट्रेड यूनियन के मालिक मौरिजियो लैंडिनी ने मेलोनी पर तंज कसते हुए विवादित टिप्पणी कर दी, जिसपर मेलोनी का गुस्सा भी भड़क उठा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लैंडिनी को करारा जवाब दिया है।
मेलोनी पर विवादित टिप्पणी
दरअसल पिछले मंगलवार को लैंडिनी मिस्त्र के शर्म-अल-शेख में आयोजित गाजा शांति समझौते पर बात कर रहे थे। यूके के अखबार 'द गार्जियन' से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "गाजा में शांति लाने के लिए मेलोनी ने एक उंगली भी नहीं उठाई। उनका रोल 'ट्रंप की वेश्या' बनने तक सीमित था। मगर, सौभाग्य से इटली का मान-सम्मान बचाने के लिए यहां के लोग सड़कों पर उतर आए।"
मेलोनी ने दिया मुंहतोड़ जवाब
लैंडिनी के बयान पर मेलोनी ने भी उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा- लैंडिनी, जिन्होंने खुद फलस्तीन के समर्थन में रैलियों का आयोजन किया, वो अब बौखला रहे हैं (जो मैं समझ सकती हूं)। मैं इस विवादित शब्द का स्क्रीनशॉट शेयर कर रही हूं।"
मेलोनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान में लंबा चौड़ा भाषण देने वाले ही एक महिला को 'वैश्या' बता रहे हैं। वहीं, मेलोनी की पोस्ट का जवाब देते हुए लैंडिनी ने कहा कि उनका वो मतलब नहीं था। वो मेलोनी को ट्रंप की चापलूस कहना चाहते थे। उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।