देवल संवाददाता, आज़मगढ़। दीपावली की रात जहानागंज थाना क्षेत्र के कोढ़वा गांव में भंडारे के दौरान दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच चली गोली से एक युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोढ़वा गांव में सोमवार रात करीब 10:30 बजे भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान गांव के ही दो पक्षो के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि किसी ने असलहे से गोली चला दी। गोली लगने से 18 वर्षीय विवेक यादव पुत्र भृगुनाथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। भंडारे में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को परिजन आनन-फानन में शहर के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. अनिल कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वही मृतक के भाई अभिषेक यादव ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।