आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम के बगल में स्थित पवित्र कुण्ड में मंगलवार की सुबह छठ पूजा पर व्रती महिलाओं समेत अनेक लोगों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसी के साथ 4 दिवसीय छठ पूजा का समापन हो गया। छठ पूजन पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष के षष्ठी तिथि मे मनाया जाने वाला एक पर्व है।
सूर्योपासना का यह अनुपम लोकपर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाता है। कहा जाता है कि यह पर्व मैथिल, मगही और भोजपुरी का सबसे बड़ा पर्व है। बिहार से शुरू हुई छठ पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व बिहार या पूरे भारत का ऐसा एक मात्र पर्व है जो वैदिक काल से चला आ रहा है। अब तो यह बिहार कि नहीं देश की संस्कृति बन चुका है। यह पर्व बिहार के वैदिक आर्य संस्कृति की एक छोटी सी झलक दिखाता हैं। यह पर्व ऋग्वेद में वर्णित सूर्य पूजन एवं उषा पूजन तथा आर्य परंपरा के अनुसार मनाया जाता है। मंगलवार को भोर में ही पूजा करने वाली महिलाओं की भारी संख्या में भीड़ पवित्र कुण्ड में उमड़ी हुई थी। छठ पूजा के दौरान मंदिर के कुण्ड पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।छठ पूजा के धार्मिक भोजपुरी लोक गीतों से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान जहां व्रती माताओं ने पूजा-पाठ किया, वहीं युवा व बच्चे आतिशबाजी किये। तड़के उगते सूर्य को अर्घ्य देने के पश्चात छठ पर्व का समापन हुआ। बिहार से प्रचलित इस पर्व को अब पूरे पूर्वांचल समेत पूरे देश के कोने-कोने में लोग विधि-विधान से मना रहे हैं। व्रती परिवार के परिजनों सहित उपस्थित अन्य भक्तों ने छठ पूजा पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान पवित्र कुण्ड के पानी में सूप में प्रसाद सामग्री लेकर खड़ी महिलाओं ने छठी मइया की गीत गाया। महिलाओं व पुरुषों ने पवित्र कुण्ड में खड़े होकर छठी मइया के गीत गाये। इस मौके पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं शीतला चौकियां चौकी प्रभारी ईश यादव भी सहयोगी पुलिस दल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।
इसी क्रम में जिला मुख्यालय सहित ग्रामीणांचलों में यह पर्व धूमधाम एवं परम्परागत ढंग से मनाया गया। देखा गया कि नगर के गोपी घाट, विजर्सन घाट, भामा शाह घाट, हनुमान घाट, गूलर घाट, केरारवीर घाट, पांचों शिवाला घाट, सूरज घाट सहित अन्य घाटों, जलाशयों, तालाबों, नहरों के किनारे व्रती महिलाओं ने भगवान भाष्कर को अर्घ्य देकर इस 4 दिवसीय अनुष्ठान का समापन किया।
.jpg)