देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गोसाईगंज बाजार में रविवार की सुबह करीब 11 बजे एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने भीषण हादसा कर दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले पानी की सप्लाई करने वाली ढाला मैजिक को टक्कर मारी, फिर ममता राय की आटा चक्की की दुकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोसाईगंज बाजार निवासी गुफरान अहमद (55 वर्ष), जो एक जनरल स्टोर और जूता-चप्पल की दुकान चलाते हैं, अपने दामाद को स्कॉर्पियो चलाना सिखा रहे थे। देवगांव की ओर से आ रही स्कॉर्पियो जैसे ही बाजार में पहुंची, तेज रफ्तार के कारण वह अनियंत्रित हो गई। चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय गलती से एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे वाहन ने ढाला मैजिक को टक्कर मारते हुए चालक दिवेश राय (42 वर्ष) और पानी सप्लाई करने वाले गनेश उर्फ छग्गन (23 वर्ष) को चपेट में ले लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो ममता राय की आटा चक्की की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही कोतवाल विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल 100 बेड के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद गुफरान अहमद और उनका दामाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।