कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सिंचाई विभाग में व्याप्त मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कर्मचारियों ने शुक्रवार से अधिशाषी अभियंता कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने खंडीय कार्यालय की लिपिक अनीता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सेवा पुस्तिका, अनुमति प्रमाण पत्र, स्थायीकरण, पेंशन और जी.पी.एफ. जैसे जरूरी कार्यों के लिए वह खुलेआम पैसों की मांग करती है।कर्मचारियों का आरोप है कि तीन वर्ष पूर्व स्थायीकरण हो जाने के बावजूद अब तक किसी भी कर्मचारी को प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया। नलकूप खंड अंबेडकरनगर के अध्यक्ष शीतल सिंह ने बताया कि 21 अगस्त 2025 को कार्यवाहक जिलेदार द्वितीय अकबरपुर सत्यसागर, सींच पर्यवेक्षक कटेहरी प्रदीप कुमार और दुर्गविजय सिंह अपनी सेवा पुस्तिका देखने पहुंचे थे। इस दौरान लिपिक अनीता ने न केवल उनके साथ अभद्रता की, बल्कि चप्पल से हमला करने की भी कोशिश की।कर्मचारियों ने आगे बताया कि घटना की शिकायत जब प्रशासनिक अधिकारी संजय श्रीवास्तव के पास की गई तो वहां भी अनीता पहुंची और गाली-गलौज करते हुए पुनः चप्पल से हमला करने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है।धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि लिपिक की मनमानी के चलते वर्षों से जरूरी कार्य लंबित हैं, जिससे उन्हें निरंतर परेशानी झेलनी पड़ रही है। कर्मचारियों ने मांग की है कि लिपिक अनीता का पटल तत्काल बदला जाए और सभी लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।