देवल संवाददाता, आजमगढ़ । जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर, छात्रावास, एकेडमिक ब्लॉक और मेस का जायजा लिया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि परिसर लो-लैंड क्षेत्र में होने से बारिश के समय जलभराव हो जाता है। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मनरेगा के माध्यम से इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।
मेस का निरीक्षण करने पर जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता पर संतोष जताया। दाल, चावल, सब्जी और आटे की गुणवत्ता उत्तम पाई गई। उन्होंने खाने के मेन्यू का भी अवलोकन किया और इसे संतुलित बताया।
विद्यालय प्रशासन ने बायोलॉजी और गणित के कुछ अध्यापकों की कमी की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने शासन से बात कर समस्या का निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
अटल आवासीय विद्यालय 2022 में निर्मित हुआ और 2023 से शैक्षणिक सत्र प्रारंभ किया गया है। मंडल के तीनों जनपद – आजमगढ़, मऊ और बलिया के छात्रों को यहां प्रवेश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।