आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। हरियाली तीज के अवसर पर अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट परिवार द्वारा शहर के एक लॉन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य महामंडलेश्वर माँ कंकेश्वरी नंदगिरी ने किया। उन्होंने भगवान शिव, पार्वती और गणेश जी की पूजा अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर सभी सुहागन महिलाओं ने हरे रंग के वस्त्र और हरी चूड़ियां पहनकर श्रृंगार किया। महिलाओं ने भोले बाबा के गीत गाकर अपने पति की लंबी आयु की कामना की। ट्रस्ट द्वारा सभी महिलाओं को पान खिलाकर पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया, जो वर्तमान समय में विलुप्त होती जा रही है।
इस वर्ष का हरियाली तीज कार्यक्रम विशेष रहा। ट्रस्ट परिवार की महिलाओं के साथ-साथ कंकेश्वरी नंदगिरी के नेतृत्व में किन्नर समाज का एक समूह भी सुहागिनों के साथ शामिल हुआ। ट्रस्ट परिवार ने कंकेश्वरी नंदगिरी के हाथों से सभी महिलाओं को सुहाग का सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया। महामंडलेश्वर कंकेश्वरी नंदगिरी ने अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह की सराहना की। उन्होंने कहा कि उर्वशी सिंह किन्नर समाज के लिए शौचालय की मांग, घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन कराना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में पूरा किन्नर समाज ट्रस्ट परिवार के साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में सभी सुहागिन महिलाओं को सिंदूर, बिंदी, मेहंदी और चूड़ियां देकर आशीर्वाद दिया गया। महिलाओं ने विभिन्न खेलों का आनंद लिया। झूला झूलने के साथ-साथ तरह-तरह के मिठाई और खाने-पीने के व्यंजनों का भी आनंद लिया। कार्यक्रम में शहर की सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षक, डॉक्टर और व्यापारी वर्ग की महिलाएं उपस्थित रहीं। इनमें डॉ. विजय लक्ष्मी पटेल, डॉ. सुष्मिता सिंह, डॉ. पूजा यादव, डॉ. स्वाति यादव, डॉ. तुलिका मौर्य, डॉ. श्वेता गुप्ता, सबिता गुप्ता, कंचन सिंह, राधिका सिंह, मीरा अग्रहरी, अर्चना सिंह और क्षमा सिंह शामिल थीं। किन्नर समाज से पायल, डॉली जोशी, किरण और शालू सहित अन्य महिलाएं भी मौजूद रहीं।