देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनहित के मुद्दों को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोन ब्लाक क्षेत्र में जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा व जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कीचड़ युक्त सड़क पर धान की रोपाई कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
अविनाश कुशवाहा ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से आज तक कोन ब्लाक की जनता मूलभूत सुबिधाओं के लिए तरस रही है। इस क्षेत्र के लोगों को भाजपा सरकार में केवल झूठे वादे और धोखे के अलावा कुछ नहीं मिला। सबसे ज्यादा तो बदहाल इस क्षेत्र की सड़के हैं, जिस पर चलना भी मुश्किल है। डबल इंजन की सरकार में इस मार्ग पर स्कूल जाने वाले बच्चे, एम्बुलेंस, व्यापारी, किसान आएदिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मांग की कि तेलगुड़वा कोन मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लायी जाए। कोन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में तत्काल विशेषज्ञ डाक्टरों की नियुक्ति की जाए। क्षेत्र की लचर विद्युत आपूर्ति को दुरूस्त कराया जाए। सपा सरकार में हुई कनहर सिंचाई परियोजना की बनवाई जा रही नहरे, जिसे भाजपा सरकार ने रोक रखा है, तत्काल निर्माण किया जाए। इस क्षेत्र के किसानों को कृषि कार्य के लिए तत्काल डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध कराया जाए। पटवध बसुहारी मार्ग का भी तत्काल नवीनीकरण कराया जाए। कोन कचनरवा विंढमगंज मार्ग का तत्काल नवीनीकरण कराया जाए। चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर जयशंकर जायसवाल, रमेश सिंह यादव, प्रदीप कुमार, राकेश चौधरी, अशोक, दीपू, महेश आदि मौजूद रहे।