देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। मेडिकल कालेज से संबंद्ध जिला संयुक्त चिकित्सालय की बेपटरी स्वास्थ्य सुबिधाओं को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड़ ने व्यवस्था में सुधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड़ ने कहा कि बीजेपी सरकार में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। जिला अस्पताल में मरीजों को समूचित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। मशीनें खराब होने से जांच न होने से मरीजों को मजबूरी में प्राइवेट अस्पतालों का शरण लेना पड़ रहा है। जिला प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा ने कहा कि जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार चरम पर है। जिला अस्पताल आए मरीजों को बहला-फुसलाकर प्राइवेट हास्पिटलों में इलाज के लिए भेजा जा रहा है। प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजों का अर्थिक शोषण किया जाता है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग के हुक्मरान तमाशबीन बने हुए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष फरीद अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी अस्पतालों में मरीजों को स्वास्थ्य सुबिधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। अस्पताल में दूर-दराज से अपना इलाज कराने आने वाले गरीब तबके के मरीजों को परेशान किया जाता है। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश देव पांडेय ने कहा कि बीजेपी सरकार में जनता बेहाल है। इस मौके पर ऋषि राज पासवान, स्वतंत्र साहनी, मंजू देवी, कमलेश कुमार, गीता देवी, देवराज सिंह आदि मौजूद रहे।