देवल संवाददाता, आजमगढ़। बूढनपुर क्षेत्र के देऊरपुर स्थित श्री वर लक्ष्मी मैरिज हॉल के प्रांगण में 11 नवंबर को भारत के लौह पुरुष एवं अखंड भारत के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण करके किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री श्रीनाथ सिंह पटेल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बौड़रा स्टेट के राजा राजेंद्र प्रताप सिंह पटेल मौजूद रहे।
इस दौरान आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों की टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सहित कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी शिवपूजन पटेल, सेवानिवृत्त सीओ हरिराम पटेल, डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा डॉ. एमके पटेल, बैंक मैनेजर इंद्रजीत पटेल, डॉ. राघव पटेल, सूबेदार मेजर रामदरश पटेल, प्रोफेसर महेंद्र पटेल, समाजसेवी सनातन पटेल, व्यवसायी अमरजीत पटेल, इंजीनियर अमरजीत पटेल, दयाराम पटेल, महेंद्र सिंह पटेल, जयसिंह सचान, मदन गोपाल, डॉ. रमाकांत पटेल, मुंशी हरिवंश पटेल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध भोजपुरी गायक वीरेंद्र भारती एवं उनकी टीम की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। उन्होंने अपने ओजस्वी भोजपुरी और देशभक्ति गीतों से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है।
अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन बृजेश पटेल ने किया
.jpeg)