आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के बाजार भुआ–खालिसपुर मार्ग पर लंबे समय से जर्जर सड़क और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। क्षेत्र की महिला सभासद नगीना देवी के प्रतिनिधि राजकुमार मौर्य के प्रयासों से खालिसपुर में सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की हालत काफी खराब थी और नाली व्यवस्था ठीक न होने के कारण बारिश के दिनों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इससे राहगीरों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने से क्षेत्रवासी परेशान थे। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में खुशी का माहौल है।
वहीं क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बड़ी समस्या बनी हुई थी। 100 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण आए दिन उसमें आग लग जाती थी, जिससे 8 से 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती थी। गर्मी और उमस के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी।
जनता की परेशानियों को देखते हुए राजकुमार मौर्य ने पहल करते हुए ट्रांसफार्मर के लिए नया स्लैब बनवाया और 250 केवीए का बड़ा ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की व्यवस्था कराई। नए ट्रांसफार्मर के लगने से अब बिजली आपूर्ति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है और ओवरलोड की समस्या से भी निजात मिलेगी।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने इस पहल के लिए राजकुमार मौर्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क और बिजली की समस्या का समाधान होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह जनहित के कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे।