देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में सोनभद्र पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात डा. चारु द्विवेदी (सहायक नोडल अधिकारी / मिशन शक्ति) के नेतृत्व में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, महिला हेल्पलाइन सेवाओं तथा आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया। महिलाओं को निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने, किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तत्काल देने एवं कानून का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
