आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव ने केन्द्रीय विद्यालय पयागपुर जी.जी.आई.सी परिसर के शैक्षणिक सत्र 2025-26 का शुभारम्भ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करते हुये दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके पहले उपायुक्त केद्रीय विद्यालय अजय मिश्रा व प्राचार्य चन्द्रभूषण प्रसाद वर्मा ने राज्यमंत्री श्री यादव और जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद स्वागत भाषण प्राचार्य डा. सी.बी वर्मा ने किया जिसके बाद स्वागत गीत गाकर बच्चों ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि जनपद के लिए यह बडे़ ही सौभाग्य की बात है कि आज केन्द्रीय विद्यालय के शैक्षणिक सत्र का शुभारम्भ हुआ है जिसके लिए उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को बधाई दिया। साथ ही कहा कि निश्चित रूप से जनपद शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी पंक्ति में रहा है। जनपद में शिक्षा प्राप्त किये अनेकों प्रतिभावान बच्चे वैज्ञानिक, कृषि वैज्ञानिक, प्रशासनिक पदों, राजनैतिक, चिकित्सा क्षेत्र आदि में प्रतिष्ठित पदो को सुशोभित कर रहे हैं तथा जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं।इसी क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि जनपद में केन्द्रीय विद्यालय का सत्र प्रारम्भ हुआ। राज्यमंत्री के अथक प्रयास से यह सम्भव हुआ। आत्मविश्वास के साथ कोई कार्य किया जाय तो निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होती है। धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्य अरुण सिंह ने किया। कार्यक्रम का संचालन केद्रीय विद्यालय की शिक्षिका शालिनी जी ने किया। अन्त में राष्ट्रगान करके कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह, केन्द्रीय विद्यालय की सहायक आयुक्त दिनेश चन्द्र मीणा, शालिनी दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 गोरखनाथ पटेल, जीजीआई सी की प्राचार्य, मनीष श्रीवास्तव, अजय सिंह, प्रदीप तिवारी, समाजसेवी सिप्पिन सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।