देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी बीएन सिंह की अध्यक्षता में वृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वृक्षारोपण अभियान गंगा समिति, पर्यावरण समिति की बैठक की गयी। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस क्रम में जनपद सोनभद्र में भी वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। 1 जुलाई से 7 जुलाई तक जनपद में वृक्षारोपण के लिए विशेष अभियान चलेगा। इस अभियान के
अन्तर्गत जनपद के प्रमुख चिन्हित स्थलों पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। जनपद सोनभद्र में लगभग 86 लाख पौध रोपण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के अन्तर्गत सभी अमृत सरोवर, ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण किया जाएगा। एक पेड़ मॉ के नाम अभियान के अन्तर्गत सभी लोग एक पौध का रोपण अवश्य करें। वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत एकलव्य वन, अटल वन, विरासत वृक्ष वाटिका, त्रिवेणी वन, सौर्य वन के नाम से विभिन्न स्थलों पर पौध रोपण किया जाएगा। नदियों के किनारे बसे गांवों में भी वृक्षारोपण किया जाएगा। कहा कि सभी विभाग गड्ढा की खुदाई से संबंधित कार्य ससमय पूर्ण करा लें और उसकी रिपोर्ट वन विभाग के कार्यालय के उपलब्ध करा दें। समय से आवश्यकता के अनुरूप पौध रोपण से संबंधित सूची भी वन विभाग को उपलब्ध करा दें। पौधों का उठान भी नर्सरियों से समय से कर लिया जाए। इस मौके पर डीएफओ राबर्ट्सगंज कुंज बिहारी वर्मा, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।