आमिर, देवल ब्यूरो, जौनपुर, उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की मा0 सदस्य श्रीमती गीता बिन्द जी द्वारा महिला उत्पीड़न के रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने तथा आवेदक, आवेदिकाओं की सुगमता की दृष्टि से निरीक्षण/जनसुनवाई की गयी। जिसमें सर्वप्रथम मा0 सदस्य द्वारा सेंट पैट्रीक स्कूल सिद्दीकपुर में जाकर बालिकाओ की सुरक्षा विषय पर विद्यालय की बालिकाओ, अध्यापिकाओं एवं प्रधानाचार्य से वार्ता कर जानकारी ली गयी और जागरूक किया गया।
मा0 सदस्य ने जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र के साथ महिला सम्बन्धित विषयों पर वार्ता भी की।
मा 0 सदस्य द्वारा वन स्टाप सेंटर, करंजाकला ब्लाक परिषद का निरीक्षण किया गया और प्रभारी सेंटर मैनेजर को बेहतर साफ-सफाई हेतु निर्देशित किया गया।
मा0 सदस्य द्वारा उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पंजीकरण कक्ष में मरीजों से संवाद करते हुए मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। मा0 सदस्य के द्वारा ओपीडी कक्ष, पैथोलाजी, पंजीकरण कक्ष, दवाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों को बाहर की दवा न लिखी जाए, इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में मरीज के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उनके बैठने, पेयजल आदि की व्यवस्था सुचारू रूप से प्रदान की जाए।
इसके उपरांत मा0 सदस्य जी के द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। कारागार में महिला बंदियों से संवाद स्थापित करते हुए उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिला बंदियों से पूछा कि उन्हें किसी भी प्रकार की गंभीर बीमारी की समस्या तो नहीं है। इसके साथ ही कारागार में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, नाश्ता आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मा0 सदस्य जी के द्वारा निर्देशित किया गया कि बंदियों की नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच की जाए।
विकास खण्ड सोधी के सभागार में महिला जनसुनवाई एवं स्वमं सहायता समूह की महिलाओं एवं महिला ग्राम प्रधानो के साथ संवाद किया गया। जिसमें कुल 04 शिकायते प्राप्त हुई, जिस पर मा0 सदस्य द्वारा सम्बन्धित अधिकारियो को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। महिलाओं से संवाद स्थापित करने के क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजना उ0प्र0 मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पान्सरशिप योजना, उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं पति के मृत्युपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में जानकरी दी गई।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 राजीव यादव द्वारा जननी सुरक्षा योजना के बारे में जानकारी दी गयी।
इस दौरान अतिरिक्त उपजिलाधिकारी अर्चना ओझा, सीएमएस मेडिकल कॉलेज डॉ0 जाफरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय पांडेय, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज रुचिरा सेठी, महिला थानाध्यक्ष श्यामा तिवारी, महिला एंव बाल सम्मान प्रकोष्ठ की प्रभारी इस्पेक्टर अनीता सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी चन्दन राय सहित अन्य उपस्थित रहे।