
देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर। म्योरपुर ब्लाक सभागार में मराठा साम्राज्य की महान शासिका रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह व विशिष्ट अतिथि एससी/एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने म्योरपुर ब्लाक प्रमुख मानसिंह गोड़ के साथ रानी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वक्ताओं ने रानी अहिल्याबाई होलकर के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उनके पदचिन्हों पर चलने का आवाह्न किया। वक्ताओं ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर उस दौर की शासक थी, जब महिलाओं के लिए शिक्षा, राजनीति और शासन में भाग लेना अत्यंत कठिन माना जाता था। उन्होंने समाज की रूढ़िवादी धारणाओं को तोड़ते हुए न केवल शक्तिशाली राज्य पर शासन किया बल्कि एक कुशल नेता, दूरदर्शी विचारक और प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में समाज में अपनी पहचान बनाई। अहिल्याबाई होल्कर 18 वीं शताब्दी की एक प्रेरणादायक महिला थीं, जिनको न्याय की देवी के नाम से भी जाना जाता था। जिनका जन्म 31 मई 1725 में महाराष्ट्र के चौंडी नामक गांव में हुआ था। उन्होंने सामाजिक सुधारो को बढ़ावा देते हुए विधवा विवाह, पुनर्विवाह और अंतर्जातीय विवाह को बढावा दिया। उनके शासनकाल में उन्होंने विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का पुनरुद्धार किया और सनातन धर्म को मजबूत किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भाजपा सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी 403 भाजपा श्रवण गोड़, दुद्धी ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी, चांद प्रकाश जैन, निरंजन जायसवाल, मोहन गुप्ता, मोहरलाल खरवार सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष अग्रहरी उर्फ बिट्टू ने किया।