देवल संवाददाता, लखनऊ।यूपी के अयोध्या में सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमला बहुत ही दुखद घटना है। केंद्र सरकार को इसका मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। मौजूदा समय में जो भी देश के खिलाफ हैं, उनको प्रतिबंधित करना चाहिए।
अजय राय ने आगे बोलते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। कहा कि जो भी घटनाएं हो रही हैं, उससे स्पष्ट है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। 29 अप्रैल से उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी का दो दिवसीय दौरा है। वह अमेठी और रायबरेली में रहेंगे।
आज लगातार संविधान पर हमला हो रहा है
अजय राय ने बताया कि यहां के बाद राहुल गांधी कानपुर जाएंगे। वहां आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिवार वालों से मिलेंगे। अपनी संवेदना प्रकट करेंगे। उन्होंने कहा कि लगातार संविधान पर हमला हो रहा है। संविधान को बचाने के लिए आज देशभर में संविधान बचाओ रैली हो रही है।