देवल संवाददाता, गोरखपुर ।नगर निगम बोर्ड की 10वीं बैठक में सपा के पार्षदों ने जीआईएस सर्वे का जमकर विरोध किया। इसे वापस करने की मांग को लेकर विपक्ष धरने पर बैठ गया। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन के बाद सपा सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और सदन से बाहर चले गए।
जीआईएस सर्वे के विरोध में सपा को कुछ भाजपा पार्षदों का भी समर्थन मिला। सपा पार्षद जियाउल इस्लाम ने नोटिस पर सवाल खड़े किए। कहा कि यह पूरी तरह फर्जी है और इससे पूरे शहर की जनता परेशान है। इसे निरस्त कर दोबारा कराना चाहिए। दोपहर 2:06 बजे सपा पार्षद हाथ में बैनर लिए नीचे धरने पर बैठ गए।
नगर आयुक्त ने उनसे वापस बैठने का अनुरोध किया, लेकिन वह नहीं उठे। इसके बाद नगर आयुक्त ने लंच की घोषणा कर दी। सपा पार्षद सदन हाल के अंदर ही बैठे रहे।
लंच के बाद धरने के बीच कुछ महिला पार्षदों ने अपनी बात रखी। 3:40 बजे धरने पर बैठे पार्षद पार्षदों ने उठकर मेयर के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध वाला बैनर मेयर के काउंटर पर रखकर बाहर निकल गए।