देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोपन थाना क्षेत्र में 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद वकील को पुलिस ने बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। पुलिस की विवेचना में आरोपी की भूमिका कथित तौर पर तस्करी नेटवर्क को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और हेरोइन की आपूर्ति में सहयोग करने वाले व्यक्ति के रूप में सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टाक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। चोपन थाना पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने आरोपी को 28 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2:10 बजे बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम टिकरा मुर्तजा से गिरफ्तार किया।
हाईवे पर पांच आरोपियों की गिरफ्तारी से खुला था मामला
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को चोपन थाना पुलिस और एसओजी टीम ने वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर कार्रवाई करते हुए दो लग्जरी वाहनों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई थी। इस मामले में चोपन थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0319/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विस्तृत विवेचना के दौरान पुलिस को कथित तौर पर एक बड़े तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए लखनऊ और बाराबंकी सहित विभिन्न स्थानों से थोक मात्रा में हेरोइन लाकर सोनभद्र के अलग-अलग क्षेत्रों में फुटकर बिक्री कराई जाती थी। विवेचना में मोहम्मद वकील की भूमिका नेटवर्क को वित्तीय सहायता देने और मादक पदार्थों की आपूर्ति में सहयोग करने के रूप में सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
तीन मुकदमों का उल्लेख
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद वकील (36 वर्ष), पुत्र मोहम्मद शकील, निवासी ग्राम टिकरा मुर्तजा, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास में सोनभद्र के चोपन थाने में दर्ज हेरोइन तस्करी का मुकदमा, लखनऊ पूर्वी के चिल्हट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक अन्य मुकदमा तथा वर्ष 2020 में जैदपुर थाने में जुआ अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे का उल्लेख किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सरोज और हेड कांस्टेबल राजेश यादव शामिल रहे।
