देवल संवाददाता, मऊ। मधुबन विधानसभा की राजनीति में रविवार को उस समय बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला, जब पिछले करीब 17 वर्षों से भाजपा की राजनीति में सक्रिय रहे वरिष्ठ नेता भरत भैया ने भाजपा का दामन छोड़कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सदस्यता ग्रहण कर लिया। मधुबन नगर पंचायत स्थित गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भरत भैया ने बसपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए आगामी विधानसभा 2027 का चुनाव से पहले क्षेत्र की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।कार्यक्रम में बसपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी के बीच भरत भैया का पार्टी में स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था को लेकर जिस तरह के दावे किए जाते हैं,उनकी वास्तविकता जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि “गुंडाराज पर बहनजी का बुलडोजर नहीं, बल्कि कानून का डंडा चला था।” उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों ने जोरदार समर्थन किया। भरत भैया ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक भाजपा में रहकर संगठन और क्षेत्र के लिए काम किया,लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में उन्हें लगा कि सामाजिक न्याय, सर्वजन हित और बहुजन समाज की आवाज को मजबूत करने के लिए बसपा के साथ खड़ा होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बसपा की नीतियों और नेतृत्व में उन्हें विश्वास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर पूरी मजबूती के साथ जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा रहे। वहीं हालिम अंसारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। श्रीचंद्रा ने कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए बसपा के पक्ष में एकजुट होने का आह्वान किया गया। नेताओं ने कहा कि मधुबन विधानसभा क्षेत्र में जनता बदलाव के लिए तैयार है और आने वाले समय में इसका असर राजनीतिक रूप से दिखाई देगा।
भरत भैया के भाजपा छोड़कर बसपा में शामिल होने को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मधुबन की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहे भरत भैया के इस निर्णय से जहां बसपा को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है,वहीं भाजपा के लिए भी यह राजनीतिक चुनौती मानी जा रही है। अब देखना होगा कि भरत भैया का यह सियासी कदम आगामी चुनाव में मधुबन विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक तस्वीर को कितना प्रभावित करता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से विशिष्ट अतिथियों में डा. इंदू चौधरी,हरिश्चन्द्र गौतम,अशफाक आलम,राजू,सुरेन्द्र राजभर,सुनैना गौतम,डा. रविन्द्र नाथ सिंह,रमेश यादव,इन्दल राम,रामप्रसाद चौधरी,शैलेन्द्र कुमार सिंह,सबीहा अंसारी,भीम राजभर,गौरीशंकर आचार्य, राजविजय तथा गोरखनाथ सहित बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
