देवल संवाददाता, आजमगढ़ की सरायमीर पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर 25 जून 2026 को थाना सरायमीर में मुकदमा संख्या 168/26 दर्ज किया गया था। यह मामला धारा 69, 352, 351(3) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को डेमरी मोड़ से अभियुक्त हरेंद्र सरोज को पकड़ा। हरेंद्र सरोज पुत्र सूजन, ग्राम पुरन्दरपुर, थाना सरायमीर का निवासी है। बताया गया कि अभियुक्त कहीं भागने की फिराक में खड़ा था, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए न्यायालय में बयान देने की बात कही। गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक धीरज कुमार और कांस्टेबल सौरभ पाण्डेय की टीम ने की। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
