ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अब चरम पर है। इस बीच दोनों देशों के बीच युद्ध की आशंका बढ़ती जा रही है। करीब एक दर्जन अमेरिकी एयर फोर्स के एफ-22 स्टील्थ फाइटर प्लेन इजराइल के साउथ एयरबेस पर उतर चुके हैं।
टाइम्स ऑफ इजराइल ने रिपोर्ट दी कि ये जेट्स 24 फरवरी सुबह ब्रिटेन के लेकनहीथ एयरबेस से उड़ान भरीं। ओपन सोर्स फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और एयरक्राफ्ट स्पॉटर्स ने इसकी पुष्टि की। अमेरिकी मीडिया ने भी एक सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया कि ये पांचवीं पीढ़ी के जेट इजराइल के दक्षिणी एयर फोर्स बेस पर लैंड कर गए हैं।
एफ-22 जेट्स के रिफ्यूलिंग टैंकर के ट्रांसपोंडर थे ऑन
अमेरिकी जेट्स ने अपना ट्रांसपोंडर बंद रखा था, यानी उनकी लोकेशन छुपाई गई। लेकिन उनके साथ रिफ्यूलिंग टैंकर थे जिनके ट्रांसपोंडर चालू थे। एबीसी न्यूज ने यह डिटेल दी।
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत चल रही है। दोनों पक्ष 27 फरवरी को जेनेवा में तीसरे दौर की मीटिंग करेंगे। इजराइली अधिकारी मान रहे हैं कि अमेरिकी हमला अब टल नहीं सकता।
दोनों देशों के टॉप मिलिट्री अधिकारी लगातार संपर्क में हैं। चैनल 12 न्यूज ने मंगलवार को एक अधिकारी के हवाले से कहा कि अगर कूटनीति से मामला सुलझ गया तो यह साल की सबसे बड़ी सरप्राइज होगी।
हाल के दिनों में दर्जनों अमेरिकी फाइटर जेट्स एफ-35, एफ-22, एफ-15 और एफ-16 मिडिल ईस्ट की ओर रवाना होते देखे गए। मिलिट्री एयर ट्रैकिंग अलायंस के 30 एनालिस्ट्स ने यह जानकारी दी।