कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने संगठन को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। पार्टी सुप्रीमो मायावती द्वारा पिछड़ा वर्ग (OBC) को एकजुट होने के आह्वान के बाद अब बसपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा संयोजक आलापुर, पिछड़ा वर्ग भाईचारा कमेटी के प्रभारी एवं जिला पंचायत क्षेत्र रामनगर पूर्वी के प्रत्याशी सदस्य जयप्रकाश मौर्य को लखनऊ में विशेष बैठक के लिए बुलाया गया।बैठक से बाहर निकलने के बाद जयप्रकाश मौर्य ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बसपा की नीतियों और मायावती जी के संदेशों को धरातल तक पहुँचाना अब प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “बसपा ने हमेशा पिछड़ा वर्ग, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित समाज के उत्थान के लिए काम किया है। अब समय है कि ओबीसी समाज संगठित होकर सत्ता की चाबी अपने हाथों में ले।”बसपा नेता जयप्रकाश मौर्य ने बताया कि बैठक में जिला स्तर तक पिछड़ा वर्ग भाईचारा कमेटियों की सक्रियता, सदस्यता अभियान की गति और मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर विशेष चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हर योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी है।उन्होंने यह भी कहा कि मायावती जी ने बामसेफ को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों पर भी सावधानी बरतने को कहा है। असली बामसेफ वही है जो कांशीराम जी ने स्थापित किया था और जो सामाजिक चेतना फैलाने का कार्य कर रहा है। अंत में जयप्रकाश मौर्य ने कहा कि आने वाले महीनों में बसपा कार्यकर्ता “बहुजन एकता” के सूत्र को मजबूत करने के लिए गांव-गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएँगे। उन्होंने विश्वास जताया कि “अगर पिछड़ा वर्ग, दलित और अल्पसंख्यक समाज बसपा के बैनर तले एकजुट होते हैं, तो 2027 में अच्छे दिन निश्चित रूप से आएंगे।”
मौके पर सेक्टर प्रभारी, मंडल प्रभारी डॉ दयाराम राजभर, जिला संयोजक मनोज वर्मा,कुंवर अरुण गौतम, विधानसभा संयोजक आलापुर जयप्रकाश मौर्य, रवीन्द्र गौतम आदि सहित पूरे प्रदेश के पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।
